
Chaibasa News : चाईबासा में आयोजित हुआ ‘तेजस वर्कशॉप’, उद्यमिता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को तेजस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिला उद्योग कार्यालय की ओर से आयोजित यह कार्यशाला सैफरन रेस्टोरेंट के सभागार में हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, उद्यमी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, बिजनेस प्लान तैयार करने, नवाचार, वित्तीय सहायता और सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दीप प्रज्वलित कर किया गया कार्यशाला का शुभारंभ
कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स के संजय चौबे और छोटेलाल तामसोय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला उद्योग पदाधिकारी रवि शंकर, जिला मत्स्य पदाधिकारी नवीन कुमार, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य और जिडको (JIDCO) के प्रतिनिधि सहित कई विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।
कार्यशालाओं से जिले के युवाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के नए अवसर
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और जिले के युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। युवाओं को अपने आइडिया को व्यवसाय में बदलने के लिए सरकार हर संभव सहयोग देगी।

