
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है।उपायुक्त और अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लातरसिका गांव में अवैध चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने गांव में चल रही 8 अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मौके से सभी भट्ठी संचालक फरार हो गए। सभी फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
100 लीटर शराब बरामद की। वहीं, लगभग 3000 किलोग्राम जावा-महुआ को किया नष्ट
कार्रवाई के दौरान टीम ने घटनास्थल से करीब 100 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब बरामद की। वहीं, शराब बनाने के लिए भट्ठियों पर जमा किया गया लगभग 3000 किलोग्राम जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह छापेमारी जारी रहेगी। इसके अलावा विभाग ने लाइसेंसी शराब दुकानों की भी जांच की। निर्देश के तहत भगत सिंह चौक स्थित कंपोजिट शराब दुकान और पदमपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे लाइसेंस की सभी शर्तों का पालन करें, निर्धारित एमआरपी पर ही शराब की बिक्री करें और नियमानुसार ही दुकान का संचालन करें। नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

