
हजारीबाग : जिले के कटकमसांडी स्थित लुपुंग गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार को घर में सास और बहू के बीच तीखी बहस हो रही थी। इसी झगड़े के दौरान पति आकाश कुमार अपना आपा खो बैठा। उसने गुस्से में आकर अपने ही 6 महीने के मासूम बेटे अंश को जमीन पर जोर से पटक दिया।
बच्चे के सिर में गहरी चोट आई। परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

