
रांची : रांची और धनबाद में सीबीआई ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर CISF के तीन अधिकारियों घूस लेते गिरफ्तार कर लिया है। तीनों की गिरफ्तारी सीआईएसएफ के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय से की गई है। यहां तैनात तीनों अधिकारियों को गुरुवार को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
सीआईएसएफ के ही एक जवान ने ईमानदारी से ड्यूटी की, लेकिन जब उसका जायज पैसा पाने का वक्त आया तो दफ्तर के साहबों ने अड़ंगा लगा दिया। जवान के ट्रैवल अलाउंस (TA) और बच्चों की पढ़ाई के भत्ते (एजुकेशन अलाउंस) का बिल अटकाकर रखा गया था। इसे पास करने के बदले अधिकारियों ने 48,400 रुपये की रिश्वत मांगी। मजबूर होकर सिपाही ने सीबीआई का दरवाजा खटखटाया।
सीबीआई ने जाल बिछाकर की ऑन द स्पॉट दबोचा
शिकायत मिलते ही सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने मामले की जांच की। आरोप सच साबित होते ही गुरुवार को डोरंडा स्थित ऑफिस में जाल बिछाया गया। जैसे ही रिश्वत के पैसे का लेनदेन हुआ, सीबीआई की टीम ने तीनों अफसरों को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए अफसर
सीनियर अकाउंट ऑफिसर संतोष कुमार महतो , असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर सुनील कुमार एवं असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर सुजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
कैश, जेवर और जमीन के कागजात बरामद
अफसरों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने तुरंत एक्शन लेते हुए रांची और धनबाद में आरोपियों से जुड़े 5 अलग-अलग ठिकानों पर देर रात तक ताबड़तोड़ छापेमारी की। तलाशी में करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, बेशकीमती जमीनों के दस्तावेज और बैंक लॉकर के डिटेल्स हाथ लगे हैं।
सीबीआई तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी में है। जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि भ्रष्टाचार का यह खेल सिर्फ इन तीन अफसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस नेटवर्क में कुछ और बड़े नाम शामिल हो सकते हैं। सीबीआई अब इस पूरे सिंडिकेट की परतें उधेड़ने में जुटी है।

