
रांची: साथ जीने – मरने की कसमें खाई थीं और इसे बखूबी निभाया भी। पत्नी की मौत के मात्र आधे घंटे में पति की सांसें भी थम गईं। घटना रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र की है। पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड के रहने वाले 60 साल के शिबू बैठा और उनकी 57 साल की पत्नी सरस्वती देवी ने रविवार को जीवन का सफर एक साथ ही खत्म कर लिया। महज 30 मिनट के भीतर दोनों की मौत हो गई।
बीमारी से टूटी सांसें, तो सदमे में रुक गई धड़कन
परिजनों ने बताया कि सरस्वती देवी करीब एक हफ्ते पहले पैरालिसिस की चपेट में आ गई थीं। परिवार के लोग उनका इलाज रातू में करा रहे थे। लाख कोशिशों के बावजूद रविवार सुबह लगभग 9 बजे सरस्वती देवी की सांसें थम गईं।
पत्नी के गुजरने की खबर जैसे ही घर पहुंची, शिबू बैठा पूरी तरह टूट गए। जीवनभर का साथ अचानक छूट जाने का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर सके। पत्नी की मौत के ठीक आधे घंटे बाद, यानी सुबह 9:30 बजे शिबू बैठा की तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
एक साथ निकलीं दो अर्थियां
एक ही घर से एक साथ दो अर्थियां उठने की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। सांत्वना देने पहुंचे पड़ोसी और रिश्तेदार इस बात से हैरान भी हैं और भावुक भी कि जिस रिश्ते की शुरुआत सालों पहले हुई थी, उसका अंत भी इतने अनोखे अंदाज में हुआ।
स्थानीय लोग इसे केवल एक हादसा नहीं, बल्कि अमर प्रेम की मिसाल मान रहे हैं। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि आज के दौर में ऐसा सच्चा और गहरा प्रेम लाखों में किसी एक जोड़े में देखने को मिलता है, जो जिंदगी के साथ-साथ इस दुनिया से विदाई का सफर भी एक साथ ही तय करे।
Read Also: Ghatshila News : घाटशिला में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 13.12 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ दो युवक गिरफ्तार

