
Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में नदियों का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। चांडिल कॉम्प्लेक्स के मुख्य अभियंता कार्यालय के बाढ़ नियंत्रण कक्ष की मंगलवार को 1 सितंबर की सुबह 6 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, खरकई नदी आदित्यपुर पुल के पास खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है। वहीं, स्वर्णरेखा नदी भी मानगो पुल के पास खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर मानगो पुल के पास 121.340 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुबह के समय क्षेत्र में 10 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई।
इधर, खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के पास 131.070 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर निर्धारित है। इस तरह खरकई नदी खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है और इसका जलस्तर भी बढ़ने का रुझान है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज करीब 16 सेंटीमीटर नीचे है। ऐसे में जलस्तर में और वृद्धि होने पर निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी के मानगो पुल और खरकई नदी के आदित्यपुर पुल पर जलस्तर के आंकड़े केंद्रीय जल आयोग (CWC) के गेज स्टेशन से लिए गए हैं। अन्य आंकड़े संबंधित कार्यपालक अभियंताओं से प्राप्त टेलीफोनिक संदेशों के आधार पर दर्ज किए गए हैं।
प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
जाबिर पुल पर एक युवक तेज धार में बह गया है। इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और रस्सी के सहारे युवक को बचाया।

