
Jamshedpur : टेल्को के राधिकानगर, खड़ंगाझाड़ स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी। श्री राधाकृष्ण मंदिर पूजा समिति के प्रबंधक डी.डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर यह आयोजन किया जाता है।
समारोह के आयोजक डी.डी. त्रिपाठी ने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के प्रकटोत्सव को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रिया मुखर्जी एवं उनकी टीम द्वारा आकर्षक झांकी प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में भजन एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुति भी होगी। गायिका रश्मि रानी और गायक देवेंद्र कुमार पांडेय अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जन्मोत्सव से संबंधित झांकियों की तैयारी की जा रही है
जन्माष्टमी समारोह का एक महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी है। त्रिपाठी ने बताया कि समाज सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय लोगों को प्रत्येक वर्ष इस अवसर पर सम्मानित किया जाता है। इसके माध्यम से समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाने और अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेने की अपील की। समारोह को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह है।

