
Ghatshila : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत घाटशिला प्रखंड में चल रहे दावा-आपत्ति निस्तारण कार्यों की समीक्षा के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह भी मौजूद रहीं।
उपायुक्त ने प्रखंड में बने विभिन्न सुनवाई केंद्रों पर पहुंचकर मतदाताओं को मिल रही सुविधाओं, प्राप्त आवेदनों की संख्या और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
होम टू रोल वेरिफिकेशन की जांच
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ कार्य की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद कर सूची में उनके विवरण की पुष्टि की और वस्तुस्थिति जानी। इस मौके पर उपस्थित बीएलओ, ईआरओ व एईआरओ को सख्त निर्देश दिए गए कि सत्यापन कार्य में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन हो और प्रत्येक पात्र नागरिक का विवरण निष्पक्ष रूप से दर्ज किया जाए।
समयबद्ध निष्पादन और शुद्धता पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि SIR-2026 का मुख्य लक्ष्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
मतदाताओं से अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना व अपने परिजनों का नाम और अन्य प्रविष्टियां अवश्य जांच लें। किसी भी विसंगति या सुधार के लिए निर्धारित सुनवाई स्थलों पर समय पर आवेदन प्रस्तुत करें।

