
Jamshedpur : उलीडीह ओपी क्षेत्र के मून सिटी में जादू-टोने और परिवार पर अनहोनी का डर दिखाकर दो युवकों ने एक महिला से सोने के गहने ठग लिए। घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। ठगी के बाद महिला का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि युवराज इन क्लब में रहने वाली महिला मून सिटी में दूध लेने गई थी। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और परिवार को लेकर डराने लगे। महिला के मुताबिक, युवकों ने कहा कि उसके बेटे पर खतरा मंडरा रहा है और परिवार के साथ अनहोनी हो सकती है।
इसके बाद दोनों ने एक लोटा दिखाकर महिला से उसमें सोने के गहने डालने को कहा। युवकों ने दावा किया कि ऐसा करने से परिवार पर मंडरा रहा संकट टल जाएगा। उनकी बातों में आकर महिला ने हाथों के सोने के कंगन और गले की चेन उतारकर लोटे में डाल दी।
गहने मिलते ही दोनों युवक मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

