Home » Chaibasa News : मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में सामुदायिक भवन के केबल टीवी कंट्रोल रूम के ताले तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ

Chaibasa News : मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में सामुदायिक भवन के केबल टीवी कंट्रोल रूम के ताले तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ

आपराधिक वारदातों से क्षेत्र के व्यापारियों, सेल कर्मियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व भय है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सेल मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों और सेल कर्मचारियों के बीच भारी डर व असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि 9 और 10 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने सामुदायिक भवन (क्लब) तथा उसके पास स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम के ताले तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

कैसे दिया चोरी की घटना को अंजाम

घटना की योजना बेहद शातिराना ढंग से बनाई गई थी। चोरी से पूर्व अपराधियों ने सामुदायिक परिसर के बाहर लगे दो बिजली के खंभों के तारों को नीचे से काट दिया, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। इसके बाद बदमाशों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। चोर सबसे पहले क्लब के मुख्य द्वार के निकट स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रविष्ट हुए। इसके बाद वे दो-तीन अन्य दरवाजों को लांघते हुए सीधे स्टोर रूम तक पहुंच गए। वहां रखे साउंड सिस्टम की मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन हैलोजन लाइटें बटोर लीं। इसके तुरंत बाद अपराधियों ने समीप के केबल टीवी कंट्रोल रूम का भी ताला चटकाया और वहां से केबल तार समेत अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराकर फरार हो गए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर का रही चोरों की पहचान

राहत की बात यह है कि क्लब परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

पूर्व में भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं, लेकिन पुलिस के हाथ खाली

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मेघाहातुबुरु क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं का यह नया सिलसिला नहीं है। पूर्व में भी मुख्य बाजार स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान, आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, प्रोस्पेक्टिंग इलाके की दुकान तथा सेल के मेंटेनेंस कार्यालय में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। कई मामलों में संदिग्धों की तस्वीरें सीसीटीवी में दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही इन आपराधिक वारदातों से क्षेत्र के व्यापारियों, सेल कर्मियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व भय है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए और गिरोह में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

Read Also Chaibasa News : कंपनी से मिले क्वार्टर पर अवैध कब्जा, अब चार बेटियों को लेकर कहां जाए संतोषी

Related Articles

Leave a Comment