
Jamshedpur : जोजोबेड़ा स्थित न्यूवोको विस्टास कॉरपोरेशन लिमिटेड (पूर्व में लाफार्ज) के मुख्य गेट के सामने सड़क पर गंदगी और जलजमाव की समस्या को लेकर आजसू पार्टी ने प्रबंधन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में आजसू पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से कंपनी के महाप्रबंधक को मांगपत्र सौंपकर जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
पार्टी नेताओं ने बताया कि न्यूवोको विस्टास के मुख्य गेट से जेम्को की ओर जाने वाली सड़क के किनारे गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बारिश के दौरान मुख्य गेट के सामने पानी जमा हो जाने से राहगीरों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। जलजमाव के कारण सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
आजसू ने कंपनी के भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न यातायात समस्या का भी मुद्दा उठाया। पार्टी का कहना है कि भारी वाहनों के कारण सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
मांगपत्र में कंपनी से निकलने वाले वेस्टेज पानी के कारण गंदे नाले और पुलिया में पानी जमा रहने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी नेताओं के अनुसार, इससे आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही है और खेतों की उर्वरता पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
आजसू पार्टी ने प्रबंधन से 10 दिनों के भीतर समस्याओं का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी जनहित में प्रबंधन के खिलाफ आंदोलनात्मक एवं कठोर कदम उठाने को बाध्य होगी।
मांगपत्र सौंपने वालों में आजसू के वरीय उपाध्यक्ष संजय सिंह, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा प्रकाश विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष एससी मोर्चा बबलू करवा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र सिन्हा, संतोष सिंह, अरूप मल्लिक, उपेंद्र सिंह कुशवाहा, मंजू राज, सावित्री यादव, मनोज महतो, संजय सामंत, सौरभ सिंह, सुधीर सिंह, भूषण भगत, मनोज चौरसिया, जगन प्रजापति, निलेश मालाकार, रवींद्र भगत और सतेंद्र यादव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

