
Jamshedpur : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन पुराना बाराद्वारी, जमशेदपुर स्थित राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संघ परिसर में किया गया।
शिविर में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह के नेतृत्व में निर्वाचन टीम मौजूद रही। टीम ने दृष्टिबाधित एवं पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक जानकारी, सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
इस दौरान बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित मतदाताओं ने शिविर में पहुंचकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पंजीकरण कराया। इनमें सहायक निबंधक, सहकारी समितियां विवेक कृष्ण सिंह, टाटा कंपनी के पूर्व कर्मचारी, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन की कर्मचारी सहित कई अन्य पात्र मतदाता शामिल रहे।
इसके अलावा विभिन्न बैंकों में कार्यरत दृष्टिबाधित कर्मचारी, उद्यमी और अन्य पात्र नागरिकों ने भी शिविर का लाभ उठाते हुए प्रपत्र-6 जमा किया। निर्वाचन टीम ने मतदाताओं को आवेदन भरने की प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ उन्हें हर जरूरी स्तर पर सहायता प्रदान की।
प्रशासन की ओर से दिव्यांग मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने और उनके लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं को पंजीकरण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

