
Seraikela : कपाली थाना क्षेत्र के अंसार नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर के मालिक नौशाद आलम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जहानाबाद में एक मरीज को देखने गए थे।
गौरतलब है कि नौशाद आलम कुछ दिन पहले ही कतर से घर लौटे थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह परिवार के साथ जहानाबाद के लिए रवाना हुए। परिवार के घर से निकलने के बाद चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
नौशाद आलम और उनके भाई महताब आलम अंसार नगर में अगल-बगल रहते हैं। शनिवार सुबह महताब आलम ने अपना दरवाजा खोला तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने पीछे के रास्ते से नौशाद के घर पहुंचकर देखा कि मुख्य गेट का ताला गायब है। परिजनों के मुताबिक, चोर ताला भी अपने साथ ले गए।
घर के अंदर अलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए थे। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, जबकि बेड पर जेवरात के खाली डिब्बे मिले। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 50 हजार रुपये नकद के अलावा सोने के झुमके, नथिया, मांग टीका और चांदी की तीन पायल ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

