
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में व्यवसायी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त एसआईटी ने कोलकाता में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोलकाता के पामापुकुर निवासी अयान गुप्ता (37) और बेलेघाटा थाना क्षेत्र की ट्विंकल दास उर्फ मिमी दास (30) के रूप में हुई है। शनिवार को झारखंड पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर चांडिल लेकर पहुंची।
स्थानीय पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में सरायकेला जेल भेज दिया गया। पुलिस अब अदालत से अनुमति लेकर दोनों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से वीवो के दो और ओप्पो का एक स्मार्टफोन भी बरामद किया है। पुलिस इन मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
कोल्हान के डीआईजी के निर्देश पर जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोलकाता में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अब तक नौ आरोपी गिरफ्तार
निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इससे पहले अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार, रितेश सिंह, सुशील कुमार, राज कुमार, अमित सिंह और अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका, साजिश और घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

