
घाटशिला: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 95 हजार रुपये नकदी की चोरी कर ली। शुक्रवार की सुबह जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा, तब घटना की जानकारी गृहस्वामी को दी गई। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी शुभेंदु कुईला की मां रेवती कुईला बीते 18 सितंबर को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका इलाज आदित्यपुर स्थित एक अस्पताल में चल रहा है। मां की देखरेख के लिए शुभेंदु अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे, जिसके कारण राजलाबांध स्थित उनका मकान बंद था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर जब वे घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और कमरों के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी तोड़कर नकदी व जेवरात ले उड़े चोर
पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 95 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। इसके अलावा अलमारी में रखी सोने की एक जोड़ी चूड़ी, पांच अंगूठियां, चार जोड़ी कान की बाली और एक सोने का हार भी चोरी कर लिया गया। चोरी गए जेवरातों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी आसपास के दो घरों में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। नए थाना प्रभारी रवि होनहागा के पदभार संभालने के बाद हुई इस घटना का उद्भेदन करना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

