
Jamshedpur : कथित 734 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार देर रात स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी बिष्टुपुर स्थित आवास से रात करीब 12:15 बजे की गई।
गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। यहां मेडिकल जांच के दौरान बबलू जायसवाल और उनके बेटे ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। बबलू जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनका मेडिकल परीक्षण सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ है, इसके बावजूद उन्हें आगे ले जाया जा रहा है। बबलू जायसवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ गलत मेडिकल रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें डिप्रेशन की दवा भी नहीं दी गई। इसको लेकर उनकी ईडी अधिकारियों के साथ काफी देर तक बहस हुई।
एमजीएम अस्पताल परिसर में करीब आधे घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसके बाद ईडी की टीम दोनों को अपने साथ लेकर चली गई। इससे पहले बुधवार सुबह ईडी ने कथित 734 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में जमशेदपुर और कोलकाता में एक साथ छापेमारी शुरू की थी। जमशेदपुर में बिष्टुपुर समेत तीन ठिकानों और कोलकाता में दो स्थानों पर जांच की गई। ये ठिकाने बबलू जायसवाल और उनके अकाउंटेंट से जुड़े बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच की कार्रवाई देर रात तक चलती रही। इसके बाद बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। ईडी की इस कार्रवाई को कथित जीएसटी घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ के बाद और जानकारी सामने आने की संभावना है।

