Home » Chaibasa News : पंचिंग के बाद भी दो महीने से राशन नहीं मिला तो फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पदयात्रा कर पहुंचे प्रखंड कार्यालय; डीलर निलंबित

Chaibasa News : पंचिंग के बाद भी दो महीने से राशन नहीं मिला तो फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पदयात्रा कर पहुंचे प्रखंड कार्यालय; डीलर निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शुभम राज ने तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने आरोपी डीलर मुकरू सिंकू को निलंबित कर दिया और सभी प्रभावित लाभुकों को राशन के लिए पास के कोकचो स्थित डीलर कमल किशोर गोप से टैग कर दिया।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : दो महीने से राशन नहीं मिलने से नाराज पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर स्थित रोलाडीह गांव के जनवितरण प्रणाली पीडीएस के लाभुकों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। अगस्त और सितंबर महीने का खाद्यान्न न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध में पदयात्रा निकाली और सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जोरदार हंगामा किया।

पंचिंग के बाद भी नहीं मिला राशन, पर्ची फाड़ने का आरोप

लाभुकों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शुभम राज से मुलाकात कर स्थानीय पीडीएस दुकानदार मुकरू सिंकू पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि अगस्त और सितंबर माह में पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाकर (पंचिंग) बायोमेट्रिक ले लिया गया, लेकिन राशन नहीं दिया गया। जब लोगों ने अपने हक का राशन मांगा, तो डीलर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और पंचिंग की पर्ची भी फाड़ दी। इससे पहले ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया और डीलर का घेराव भी किया था, लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो उन्होंने पदयात्रा कर प्रखंड मुख्यालय का रुख किया।

बैठक के बाद निकली पदयात्रा

प्रखंड कार्यालय जाने से पहले रोलाडीह गांव में ग्रामीण मुंडा वीरेंद्र कालुंडिया की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोकचो पंचायत की मुखिया मनीला देवगम भी उपस्थित रहीं। इसके बाद वीरेंद्र कालुंडिया और संजीत देवगम के नेतृत्व में दर्जनों लाभुक पैदल मार्च करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचे।

आपूर्ति पदाधिकारी की त्वरित कार्रवाई : डीलर निलंबित, दूसरे से टैग

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शुभम राज ने तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने आरोपी डीलर मुकरू सिंकू को निलंबित कर दिया और सभी प्रभावित लाभुकों को राशन के लिए पास के कोकचो स्थित डीलर कमल किशोर गोप से टैग कर दिया। पदाधिकारी ने बताया कि उक्त डीलर को पद से हटाने (लाइसेंस रद्द करने) की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत होकर वापस लौटे।

डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने खाद्यान्न वितरण की ‘डोर स्टेप डिलीवरी’ व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। लाभुकों ने सवाल उठाया कि अगर दो महीने से उन्हें राशन नहीं मिला, तो गोदाम से राशन दुकान तक पहुंचा भी था या नहीं? यदि राशन दुकान तक पहुंचा तो उसे किसने रिसीव किया और वह खाद्यान्न कहां गया?

इस पर सफाई देते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्वीकार किया कि फिलहाल डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था में थोड़ी देरी चल रही है। उन्होंने कहा कि गोदाम के रजिस्टर की गहन जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और इसकी विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

जन प्रतिनिधियों का मिला समर्थन

कोकचो पंचायत मुखिया मनीला देवगम ने कहा कि लाभुकों की मांग पूरी तरह से जायज है। जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिल जाता, मैं उनके साथ खड़ी रहूंगी।

क्या कहा ग्रामीण मुंडा

ग्रामीण मुंडा वीरेंद्र कालुंडिया ने कहा कि जो डीलर गरीबों का राशन हड़प ले और उनके साथ अभद्र व्यवहार करे, उसे पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। उसे हटाना ही सबसे उचित निर्णय है।

Read Also Kolhan University News : कोल्हान विश्वविद्यालय में गूंजा स्वच्छता का संदेश, NSS स्वयंसेवकों ने चलाया ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान

Related Articles

Leave a Comment