
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लूट और छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ किरीबुरू के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग कांडों का उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है और घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद की गई है।
जेटेया थाना क्षेत्र में चाकूबाजी कर मोबाइल लूट
जेटेया थाने में 6 अक्टूबर 2026 को बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत विभीषण तिरिया (24) पिता माता तिरिया, गांव कातिकोड़ा, थाना जेटेया ने मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया कि वह 5 अक्टूबर को शाम करीब 06.45 बजे सर्टिफिकेट निकलवाने के लिए कोटगढ़ चौक गया था। रात करीब 7 बजे कोटगढ़ बाजार से जेटेया की ओर लौटते समय कोटगढ़ चौक से 200 मीटर आगे पश्चिम दिशा में उसने अपनी मोटरसाइकिल रोककर फोन पर बात करनी शुरू की। उसी दौरान एक लड़की सड़क किनारे रोती हुई मिली। जब उसने रोने का कारण पूछा तो लड़की ने कुछ नहीं बताया। तभी एक पल्सर पर सवार तीन लड़के आए और पैसा और मोबाइल छीनने लगे। मोबाइल छीन लिया और कान के पास चाकू से हमला कर फरार हो गए।
नोवामुंडी में मुर्गी फार्म में हथियार के बल पर लूट की कोशिश
मेन रोड मनसा मंदिर के पास रहनेवाले रमेश ठाकुर (34) पिता महेंद्र ठाकुर ने नोवामुंडी थाना थाने में 6 अक्टूबर 2026 को बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। रमेश ने बताया कि वे अपनी मुर्गी फार्म पचासाई सुबह 07 बजे गए थे और दिनभर काम कर घर लौटे। शाम 18.40 बजे तैनात गार्ड परकेश नायक ने मोबाइल पर बताया कि दो लोग चोरी करने के इरादे से अंदर घुसे और एक व्यक्ति ने हथियार दिखाकर चुप रहने को कहा। ड्रॉर में पैसा खोजने के बाद कुछ नहीं मिलने पर ड्रॉर को तोड़फोड़ कर दिया।
तांतनगर में फेरी वाले से कटारी दिखाकर 6000 की लूट
पश्चिम बंगाल के निवासी इमामुद्दीन अंसारी पिता सुबराती अंसारी ने तांतनगर ओपी में 8 अक्टुबर 2026 को बीएनएस के तहत मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि वह पाव रोटी की फेरी का काम करता है। 6 अक्टूबर को फेरी करने कोकचो आया था। दोपहर करीब 12.30 बजे सुनसान पुलिया के पास काले रंग की पल्सर पर सवार तीन लड़के आए और उनकी बाइक को पैर से धक्का मार दिया। मोटरसाइकिल सवार तीनों में से दो उतर कर गले में कटारी लगाकर जेब से 6000 रुपये और कुछ खाने का सामान लूट कर भाग गए।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन
इन तीनों घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल बनाया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए कांड में प्रयुक्त हथियार बरामद किया और छापेमारी के दौरान प्राथमिकी अभियुक्त गोपाल कोड़ा उम्र करीब 29 वर्ष पिता मालूम सिंह कोड़ा, ग्राम पाताहातु, थाना जगन्नाथपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी में बरामद सामान
लोहे का एक चापड़ जो घटना में इस्तेमाल किया गया था। तांतनगर थाना क्षेत्र की घटना में इस्तेमाल किया गया काले और लाल रंग का बिना नंबर का पल्सर NS 160 मोटरसाइकिल। तांतनगर थाना की घटना में लूटे गए 6000 में से 3600 रुपये। घटना के समय पहने हुए कपड़े।
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक नोवामुंडी वसुदेव मुण्डा, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार सिंह थाना प्रभारी जेटेया, पुलिस अवर निरीक्षक नयन कुमार सिंह थाना प्रभारी नोवामुंडी, पुअनि संजीत कुमार रजक जेटेया थाना, सहायक अवर निरीक्षक संतोष पिंगुवा जेटेया थाना, सअनि तारकनाथ सिंह नोवामुंडी और सशस्त्र बल जेटेया थाना शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त गोपाल कोड़ा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से 9 मामले दर्ज हैं। जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया, खरसांवा, मुफ्फसिल थाना चाईबासा, कुचाई व सोनुआ थाने में विभिन्न धाराओं के तहत ये मामले दर्ज हैं।

