
लोहरदगा : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ऑल्टो कार से 53 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक शातिर तस्कर को धर दबोचा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। जब्त किए गए गांजे की यह खेप बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश के बनारस ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
यह पूरा मामला लोहरदगा-कुडू मुख्य मार्ग से जुड़ा है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गोपनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि हिरही नावाटोली के पास एक संदिग्ध मारुति ऑल्टो कार खड़ी है और उसके पास कुछ लोग संदिग्ध हालात में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार के पास खड़े दोनों संदिग्धों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने खदेड़ कर इनमें से एक को दबोच लिया, जिसकी पहचान बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर बियुर गांव निवासी पंकज चौरसिया के रूप में हुई। हालांकि, उसका साथी विश्वनाथ कुमार कार की चाबी लेकर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुला राज
गुरुवार को सदर थाना परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने इस सनसनीखेज खुलासे की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी पंकज से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने कबूल किया कि कार के अंदर छिपाकर इस अवैध गांजे को बनारस ले जाया जा रहा था।
इसके बाद सदर अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो को मौके पर बुलाया गया। सीओ और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जब कार का लॉक तोड़कर तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। कार के अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे कुल 38 पैकेट बरामद किए गए। इनमें 2-2 किलो के 15 पैकेट और 1-1 किलो के 23 पैकेट शामिल थे, जिनका कुल वजन 53 किलोग्राम निकला। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन और कार पर लगी फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त की हैं।
दूसरा तस्कर की तलाश जारी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी तस्करी के दौरान पकड़े जाने से बचने के लिए गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेटों का इस्तेमाल करते थे। कार से अलग-अलग नंबरों की प्लेटें भी बरामद हुई हैं। फिलहाल, सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपी विश्वनाथ कुमार की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।

