
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित प्रखंड व अंचल कार्यालय परिसर को सुरक्षित और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से 58 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल (चाहरदीवारी) बनाई जाएगी। इस निर्माण कार्य का आधिकारिक शुभारंभ शिलान्यास गुरुवार को स्थानीय विधायक सुखराम उरांव द्वारा किया गया। बाउंड्री वॉल बनने के बाद कार्यालय क्षेत्र का दायरा तय हो जाएगा, जिससे परिसर की सुरक्षा प्रणाली और मजबूत होने का अनुमान है।
ऐसे स्थान पर व्यवस्था और सुरक्षा का पुख्ता होना अत्यंत आवश्यक : विधायक
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि ब्लॉक व अंचल कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं व शासकीय कार्यों का मुख्य केंद्र है। यहाँ रोज़ाना दूर-दराज़ के गाँवों और शहरी इलाकों से सैकड़ों लोग पहुँचते हैं। ऐसे स्थान पर व्यवस्था और सुरक्षा का पुख्ता होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और काम को तय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। घेराबंदी हो जाने से परिसर में अवांछित लोगों की आवाजाही पर रोक लगेगी और सरकारी परिसंपत्तियाँ भी सुरक्षित रहेंगी। इसे प्रशासनिक केंद्र के बुनियादी ढाँचे के विकास में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस शिलान्यास समारोह के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, बीडीओ कांचन मुखर्जी, प्रखंड प्रमुख ज्योति सिजुई, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम तथा ताराकांत सिजुई उपस्थित थे। इनके अतिरिक्त ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के सहायक अभियंता अरुनन्दम डे, टींकू प्रधान, कालिया प्रमाणिक और नज्जू समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

