Home » Jamshedpur News: डिमना में कचरे में आग लगाने से लोगों की सेहत पर खतरा; प्रशासन करे सख्त कार्रवाई

Jamshedpur News: डिमना में कचरे में आग लगाने से लोगों की सेहत पर खतरा; प्रशासन करे सख्त कार्रवाई

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : डिमना में प्रस्तावित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के लिए चिह्नित 13 एकड़ जमीन पर कचरा डंपिंग और उसमें आग लगाए जाने की घटना ने आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वसुंधरा एस्टेट के पास हुई इस घटना को लेकर जन विकास मंच ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने इस संबंध में एमजीएम थाना, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जमशेदपुर स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखा है।

सौरभ विष्णु ने बताया कि कचरे में आग लगाए जाने की जानकारी मिलने पर वह समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सदस्यों के सहयोग से आग बुझाई और समय रहते स्थिति पर काबू पाया। उनके अनुसार, समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के इलाके में प्रदूषण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या पैदा हो सकती थी।

उन्होंने कहा कि खुले में जमा कचरे को जलाने से जहरीला धुआं और हानिकारक गैसें निकलने का खतरा रहता है। इससे आसपास के निवासियों को सांस लेने में परेशानी समेत कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। कचरा जलाने से पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि पूजा-पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ घरों में रहते हैं और धार्मिक गतिविधियों में शामिल होते हैं। ऐसे समय में कचरे से निकलने वाला धुआं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने एमजीएम थाना से घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही उपायुक्त और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिमना और वसुंधरा एस्टेट के आसपास रहने वाले लोगों को प्रदूषण के खतरे के बीच नहीं छोड़ा जा सकता। प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Read also: Jamshedpur Fire: गोलमुरी सब्जी बाजार में लगी भीषण आग की जांच शुरू, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Related Articles

Leave a Comment