
Jamshedpur : श्री श्री राममंदिर दुर्गा पूजा समिति, टेल्को कॉलोनी में रविवार, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। माता के दर्शन एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
महाअष्टमी के पावन अवसर पर भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में सैकड़ों थाल प्रसाद अर्पित किए। विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजन के बाद सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मां दुर्गा के जयकारों और ढाक-बाजे की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने मां के प्रति लोगों की अटूट आस्था और भक्ति का परिचय दिया।
समिति की ओर से आयोजित सभी वैदिक अनुष्ठान श्री राममंदिर, टेल्को के मुख्य पुरोहित जीवानंद मिश्रा, विनोद मिश्रा एवं राजेश पाण्डेय की देखरेख में संपन्न कराए जा रहे हैं।
19 अक्टूबर को होगा महाभोग प्रसाद का वितरण
महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा को अर्पित महाभोग प्रसाद का वितरण सोमवार, 19 अक्टूबर को मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। महाभोग में खिचड़ी, सब्जी और खीर शामिल हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
इस धार्मिक आयोजन में राममंदिर समिति के सभी प्रतिनिधि, सदस्य तथा सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

