
खेलगांव- नामकुम आरओबी, दुर्गा सोरेन चौक- रामपुर रिंग रोड और बहुबाजार- पटेल चौक फ्लाईओवर पर विशेष जोर, डीसी को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की जिम्मेदारी
रांची : झारखंड की राजधानी की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का निर्माण भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की अड़चनों के कारण प्रभावित हो रहा है। इन बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की तैयारी की जा रही है। खेलगांव- नामकुम आरओबी, दुर्गा सोरेन चौक- रामपुर रिंग रोड, कांके- चिरौंदी सड़क और बहुबाजार- पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर जैसी योजनाओं को प्राथमिकता में रखा गया है।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान के कारण सड़क परियोजनाओं का काम लंबित नहीं रहे। जिन योजनाओं में मुआवजे की राशि जारी हो चुकी है, वहां तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाये। वहीं, शेष जमीन के अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया समयसीमा के भीतर पूरी की जाये।
रांची की इन सड़कों पर है विशेष जोर
खेलगांव- नामकुम आरओबी परियोजना से इस क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा। दुर्गा सोरेन चौक से रामपुर रिंग रोड तक फोरलेन सड़क बनने से नामकुम और रिंग रोड के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा। कांके के हॉलिडे होम से भिट्ठा-एदलहातु होते हुए बोरियो- चिरौंदी तक सड़क निर्माण से कांके और आसपास के क्षेत्रों को राहत मिलेगी।
इसी तरह बहुबाजार से पटेल चौक को जोड़ने वाले कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण पर भी जोर दिया गया है। नामकुम आरओबी से अनगड़ा सेक्शन तक रांची- पुरुलिया रोड के 17.70 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण भी प्रस्तावित है। पंडरा- कांके और बरियातू- लेम- बड़गाईं- बोड़ियो सड़क सहित अन्य संपर्क पथों की योजनाएं भी शामिल हैं।
डीसी करेंगे लंबित मामलों की नियमित निगरानी
प्रधान सचिव ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पथ निर्माण विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और वनभूमि अपयोजन से जुड़े मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया है। जिन परियोजनाओं में पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति की जरूरत है, उसे भी जल्द पूरा करने को कहा गया है।
विभाग ने कहा है कि जहां जमीन उपलब्ध है, वहां निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाये और शेष जमीन से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी हों। इसके अलावा त्योहारों के दौरान सड़कों को सुरक्षित, गड्ढामुक्त और आवागमन योग्य रखने का भी निर्देश दिया गया है।

