Home » Chaibasa News : चाईबासा में जेटेट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीसी-एसपी ने किया विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण

Chaibasa News : चाईबासा में जेटेट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीसी-एसपी ने किया विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण

पश्चिमी सिंहभूम में 29 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, पहली पाली में 10,470 और दूसरी पाली में 8,369 परीक्षार्थी थे पंजीकृत

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

जिले में जेटेट परीक्षा के लिए कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में कुल 10,470 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,394 उपस्थित हुए, जबकि 1,076 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पाली में 90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं, दूसरी पाली में कुल 8,369 परीक्षार्थियों में से 7,476 उपस्थित हुए और 893 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89 प्रतिशत रही। दोनों पालियों में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।

परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने महिला कॉलेज चाईबासा, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट एस्कॉर्ट बालक हिंदी मध्य विद्यालय, संत विवेका इंग्लिश मध्य विद्यालय, पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, टाटा कॉलेज कॉलोनी तथा संत जेवियर इंग्लिश मध्य विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। सभी केंद्रों पर अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा समस्या सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने केंद्रों पर तैनात कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने को कहा।

मौके पर प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जयराजु, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले में दोनों पालियों की परीक्षा बिना किसी निष्कासन के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

Read Also Chaibasa Political News : थाना परिसर में महिला से कथित दुष्कर्म पर भाजपा का आक्रोश, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Related Articles

Leave a Comment