Home » Jharkhand News: कड़ी सुरक्षा के बीच J-TET परीक्षा संपन्न, दस साल बाद हुआ एग्जाम, उपस्थिति 85.75 प्रतिशत

Jharkhand News: कड़ी सुरक्षा के बीच J-TET परीक्षा संपन्न, दस साल बाद हुआ एग्जाम, उपस्थिति 85.75 प्रतिशत

राज्य के सभी 24 जिलों में बनाए गए थे कुल 986 केंद्र, रांची में तैनात रहे 3000 जवान

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य के कुल 986 केंद्रों पर झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे-टेट) कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। ​दस साल के लंबे अंतराल के बाद हुई इस परीक्षा को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। राज्य के सभी 24 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें शामिल होने के लिए कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से कुल 4,85,243 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हो सके। 80, 673 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इस तरह कुल उपस्थिति 85.75 प्रतिशत रही।

परीक्षा दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की गई। ​केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। इसमें कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षक बनने वाले अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली। इसमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
​झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के पास सभी जिलों से मिली रिपोर्ट के अनुसार,परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। किसी भी केंद्र से किसी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं आई।

परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचारमुक्त रखने के लिए सरकार और प्रशासन ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किए गए थे ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले।

सिर्फ राजधानी रांची में परीक्षा को शांति से कराने के लिए करीब 3,000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा रांची के सभी 101 परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू थी। यह नियम सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक सख्ती से लागू रहा, ताकि केंद्रों के बाहर कोई भीड़ न जुटे।

नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े नियम बनाए थे। परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या किसी भी तरह के अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ले जाने पर पूरी तरह रोक थी। ​हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जा रही थी। इसके अलावा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित आने-जाने पर भी विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। प्रवेश पत्र पर दर्ज विवरण का पहचान पत्र से मिलान करने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे।
Read Also: Palamu Road Accident : जेटेट परीक्षा की ड्यूटी पर जा रही महिला सिपाही की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Related Articles

Leave a Comment