
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने रविवार को आयोग की अध्यक्ष को पत्र लिखकर घटना का तत्काल संज्ञान लेने और पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि जिस थाना परिसर में महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी होती है, वहीं एक पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगना बेहद गंभीर मामला है। यह घटना पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करती है।
पूर्णिमा साहू ने आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष और निर्धारित समय सीमा में जांच कराने की मांग की है। उन्होंने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखने और पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि मामले में कार्रवाई केवल आरोपित पुलिसकर्मी के निलंबन और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जांच के दौरान यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की लापरवाही, मिलीभगत या साक्ष्य मिटाने अथवा छिपाने की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस थाना महिलाओं के लिए सुरक्षा और न्याय का भरोसेमंद स्थान होना चाहिए, न कि भय और शोषण का। इस मामले में पीड़िता को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या आरोपितों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
Read also – Seraikela News : गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म के बाद बड़ा फेरबदल, राजेश टुडू बने नए थाना प्रभारी

