
Jamshedpur : बादामपहाड़ से पुरी के बीच शुरू होने जा रही नई रेल सेवा को लेकर हल्दीपोखर और सिदिरसाई में ट्रेन के ठहराव की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पोटका प्रखंड समिति ने हल्दीपोखर में धरना-प्रदर्शन किया। इसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे से दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बादामपहाड़-पुरी रेल सेवा शुरू करने का फैसला स्वागतयोग्य है, लेकिन हल्दीपोखर और सिदिरसाई जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव नहीं देना स्थानीय आबादी के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया तो झामुमो अपना आंदोलन और तेज करेगा।
तीन लाख की आबादी को रेल सुविधा का लाभ देने की मांग
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हल्दीपोखर, सिदिरसाई और आसपास के इलाकों में करीब तीन लाख लोग रहते हैं। यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाना पड़ता है। ऐसे में नई रेल सेवा से क्षेत्र के लोगों को काफी उम्मीदें थीं।
उन्होंने कहा कि जिस रेलखंड से ट्रेन गुजरेगी, वहां के लोगों को ही इसका लाभ नहीं मिले, यह उचित नहीं है। ट्रेन का ठहराव मिलने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। यह केवल रेल ठहराव का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकार और जरूरतों से जुड़ा सवाल है।
विधायक ने कहा कि झामुमो इस मांग को स्थानीय स्तर से लेकर दिल्ली तक उठाएगी। रेलवे ने मांग पर सकारात्मक पहल नहीं की तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
भाजपा नेताओं पर भी साधा निशाना
धरना के दौरान विधायक ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेलवे केंद्र सरकार के अधीन है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। क्षेत्र के सांसद भी भाजपा से हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को जनता को आश्वासन देने के बजाय रेलवे में ठहराव जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस पहल करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता रेलवे स्टेशन पर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने में लगे हैं, जबकि क्षेत्र की जनता की रेल सुविधा से जुड़ी मांग पर गंभीरता से प्रयास करने की जरूरत है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और झामुमो कार्यकर्ता हुए शामिल
हल्दीपोखर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी ने रेल मंत्री से बादामपहाड़-पुरी ट्रेन का ठहराव हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, मुखिया बाघराय सोरेन, मुखिया कार्तिक मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य दुखु मार्डी, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, विद्यसागर दास, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, चक्रधर महतो, भूपति महतो और जिकरुल होदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
हल्दीपोखर और सिदिरसाई में बादामपहाड़-पुरी ट्रेन के ठहराव की मांग पर झामुमो ने धरना दिया, संजीव सरदार ने आंदोलन की चेतावनी दी

