
कोडरमा : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान सद्दाम खान के रूप में की गई है। उसकी मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर विरोध जताया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही परिजन शव लेकर लौटे, उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जयनगर थाना के पास कोडरमा-कोवाड़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
सड़क पर उतरे लोगों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर मालिक और उसके नाबालिग चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की भी मांग की जा रही थी। इस क्रम में सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इस मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की खबर पाकर अंचल अधिकारी सारांश जैन और जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शोकसंतप्त और घटना से आक्रोशित परिजनों को काफी समझाया-बुझाया।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इसके अलावा, सरकारी नियमों के तहत पीड़ित परिवार को हरसंभव मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के भरोसे के बाद जाम हटा लिया गया। करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
Read Also:

