चाईबासा/टाटिबा-बरायबुरू लौह अयस्क ब्लाक के लिए नीलामी : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बंद पड़ी लोह अयस्क खदानों को नए सिरे से खोलने की प्रक्रिया जारी है। मेरेलगड़ा माइंस का 250.01 प्रतिशत प्रीमियम पर सफल नीलामी के बाद झारखंड सरकार शुक्रवार को सारंडा जंगल के पास अवस्थित टाटिबा-बरायबुरु लौह एवं मैंगनीज अयस्क ब्लाक की ई-नीलामी करेगी। ये खदान पूर्व में आदित्य बिरला ग्रुप की रामेश्वर जूट मिल के अधीन थी।

टाटिबा-बरायबुरू लौह अयस्क ब्लाक के लिए नीलामी
इस खदान को लेने के लिए रुंगटा स्टील, जेएसडब्लयू स्टील, आर्सेलर मित्तल निपान स्टील, एप्लाफ्ट मर्चेंट, श्याम मिनमेट, एमएसपीएल लिमिटेड व जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड जैसी दिग्गज खनन कंपनियों ने आवेदन किये थे। इनमें से रुंगटा स्टील, मेसर्स श्याम मिनमेट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स एमएसपीएल लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड और मेसर्स आर्सेलर मित्तल निपान स्टील इंडिया लिमिटेड ने टेक्निकल बिड में क्वालीफाई कर लिया है। अब 18 अगस्त को टाटिबा-बरायबुरू लौह व मैंगनीज अयस्क ब्लाक के लिए आनलाइन नीलामी शुरू होगी।
+
सबसे बड़ी बोली लगाने वाले को सरकार कम्पोजिट लाइसेंस दे देगी। टाटिबा-बरायबुरू लौह व मैंगनीज अयस्क ब्लाक 258.98 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला है। खान एवं भूतत्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अनुमानित लौह अयस्क संसाधन लगभग 77.8 और मैंगनीज अयस्क 3.613 मिलियन टन है। यहां बता दें कि जिन लौह अयस्क खदानों की लीज अवधि मार्च 2020 में समाप्त हो गयी थी, उन्हें अब ई-नीलामी के जरिये खोलने की पहल सरकार की ओर से की जा रही है।

इस क्रम में मेरेलगढ़ा लौह अयस्क ब्लाक की पिछले दिनों सफल नीलामी की गयी थी। अब दूसरी निजी खदान की ई-नीलामी होने जा रही है। टाटिबा-बरायबुरू में अच्छा लौह अयस्क संसाधन उपलब्ध रहने के कारण देश की पांच दिग्गज स्टील निर्माता कंपनियां नीलामी में शामिल हो रही हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि यह खदान किसके हाथ में आती है।
READ ALSO : प्रेमी संग चुपके से रचाई थी शादी, फिर हुआ कुछ ऐसा कि डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

