
Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर रविवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत पीड़ित परिवार से मिलने हरिओम नगर पहुंचे। हिमांशु सिंह की तेरहवीं के अवसर पर उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मीडिया से बातचीत में डॉ. राज शेखावत ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग के बावजूद इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
करणी सेना प्रमुख ने पीड़ित परिवार को मामले की सीबीआई जांच की मांग करने की सलाह भी दी। उनका कहना था कि यदि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी तो दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सकेगी।
हालांकि, हिमांशु सिंह के पिता ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। इसके बावजूद डॉ. शेखावत ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और स्वतंत्र जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
इस दौरान राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

