लखनऊ : शनिवार सुबह पटना से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइन्स की फ्लाइट में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री के इलाज के लिए विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि, विमान से उतरने के बाद मेडिकल टीम ने जांच की, तो पता चला कि यात्री की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटना से दिल्ली जा रहे थे सतीश चंद्र
जानकारी के अनुसार, असम के नलबारी निवासी 63 वर्षीय सतीश चंद्र बर्मन अपनी पत्नी कंचन और चचेरे दामाद केशव कुमार के साथ पटना से दिल्ली जा रहे थे। वे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-2163 में यात्रा कर रहे थे। उड़ान के दौरान सतीश चंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे क्रू मेंबर ने पायलट को सूचित किया। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ की वायुसीमा में विमान के इमरजेंसी लैंडिंग के लिए एटीसी से अनुमति मांगी।
विमान लैंड होते ही विमान में पहुंची मेडिकल टीम
साथ ही, एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम को पहले ही सूचना दे दी गई थी। जैसे ही विमान लैंड हुआ, मेडिकल टीम ने विमान में पहुंचकर यात्री की जांच की, जिसमें पाया गया कि उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सरोजनीनगर पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Read Also: नवरात्रि के दौरान वाराणसी में बंद रहेंगे मीट शॉप, पहली बार नगर निगम ने लिया निर्णय

