हजारीबाग: बच्चे जब निजी वाहन से स्कूल के लिए निकलते हैं तो माता-पिता यही मनाते हैं कि स्कूल की छुट्टी के बाद वे सकुशल वापस लौटें। ऐसा इसलिए क्योंकि बीच-बीच में स्कूल बस व अन्य स्कूली वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें आती रहती हैं। शुक्रवार को हजारीबाग में उस समय सनसनी फैल गई जब यह खबर फैली कि बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन की एक बस से जोरदार टक्कर हो गई है। हर कोई अपने बच्चों की खोज-खबर लेने में लग गया। उन बच्चों के माता-पिता से कुशल क्षेम पूछा जाने लगा जिनके बच्चे उस स्कूल में पढ़ रहे हैं।
हजारीबाग कटकमसांडी रोड पर हुआ हादसा
शुक्रवार की सुबह बच्चों को स्कूल लेकर आ रही संत अगस्टीन स्कूल की वैन के साथ यह बड़ा हादसा हुआ है। बच्चों को लेकर यह वैन कटकमसांडी थाना क्षेत्र में हजारीबाग कटकमसांडी रोड पर जा रही थी। इसी दौरान स्कूल वैन को एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वैन चला रहे चालक रामप्रवेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल बच्चों को ले जाया गया शेख भिखारी अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार 14 बच्चे घायल हो गए। उन सभी घायल बच्चों को आनन-फानन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने तुरत जांच व इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने यहां पर इलालरत दो बच्चो की हालत को बेहद गंभीर बताया है। घटना की सूचना के बाद अस्पताल में स्कूल प्रबंधन और परिजन पहुंच चुके हैं।
गंभीर रूप से घायलों को रांची रेफर करने की तैयारी
घायलों में दो बच्चों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रांची रेफर करने की तैयारी चल रही थी। गंभीर बच्चों को जल्द ही रांची रेफर किया जा सकता है। घटना के बाद से बच्चे बेहद डरे और सहमे हुए है। बताया जाता है कि स्कूल वैन में चालक रामप्रवेश यादव का बच्चा भी सवार था। वह भी इस हादसे में घायल है।

