
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चक्रधरपुर रेल मंडल से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही हादसों में शव इस कदर क्षत-विक्षत हो चुके हैं कि मृतकों की पहचान करना पुलिस और रेल प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
पहली हृदयविदारक घटना सोनुवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर हुई। वहां अप लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की कटकर मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतक का शरीर कई हिस्सों में बिखर गया, जिससे उसकी शिनाख्त कर पाना फिलहाल नामुमकिन बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर जीआरपी सोमवार की सुबह मौके पर पहुंची और शव के अवशेषों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
दूसरी दुर्घटना चक्रधरपुर और लोटापहाड़ स्टेशनों के बीच बुढीगोड़ा गांव के समीप स्थित एक रेल फाटक के पास घटी। जानकारी के अनुसार अप लाइन के पोल संख्या 317/21-27 के पास से गुजर रही ट्रेन संख्या 20972 (शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) की चपेट में एक अन्य व्यक्ति आ गया। ट्रेन से कटने के कारण उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर स्थानीय चक्रधरपुर जीआरपी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भिजवाया।
रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। हालांकि दोनों हादसों में शवों के बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने की वजह से अब तक किसी भी मृतक के नाम या पते का पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में लापता लोगों की सूची खंगाल रही है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।

