नई दिल्ली : उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में 15 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के विरोध करने पर एक आरोपी ने उसके चेहरे पर थूककर फरार हो गया। शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सुंदर नगरी निवासी अफनान (19) और साहिबाबाद, यूपी निवासी समीर को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई।
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि 30 जून को नंद नगरी थाने में शिकायत मिली थी। पीड़िता ने बताया कि 4 मार्च को दोपहर में वह अपनी दोस्त के साथ शनि बाजार मार्ग पर कपड़े की दुकान के पास से गुजर रही थी। तभी स्कूटी और बाइक पर सवार चार लोगों ने उनका पीछा किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और एक ने पीड़िता के चेहरे पर थूक दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से अफनान को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर समीर पकड़ा गया। बरामद स्कूटी वारदात में इस्तेमाल हुई थी।
डीसीपी मिश्रा ने कहा कि अन्य सहयोगी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूछताछ में वारदात के पीछे के मकसद और गैंग के नेटवर्क का पता लगा रही है। यह कार्रवाई महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की सख्ती को दर्शाती है।

