धनबाद। धनबाद के गोविंदपुर क्षेत्र में भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी दो पत्नियां हैं। दोनों सगी बहनें हैं। दोनों में विवाद बढ़ गया था। शुक्रवार को उनके घर से भाजपा नेता का शव बरामद किया गया। उनके माता-पिता ने दोनों पत्नियों पर ही हत्या का आरोप लगाया है।
उनका घर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के उपर बाजार में स्थित है। जहां अमृत दास का शव घर के अंदर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमृत दास की दो सगी बहनों से हुई थी शादी
मृतक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मां और बहन का कहना है कि अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का आरोप है कि दोनों पत्नियों ने मिलकर अमृत दास की हत्या कर दी है। परिवार ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, घटना से एक दिन पहले अमृत दास अपनी दूसरी पत्नी को शॉपिंग कराने ले गए थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया था। इसके बाद अचानक उनकी मौत की खबर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
Read Also: RANCHI NEWS: टीपीसी के दो उग्रवादी रांची से गिरफ्तार, व्यवसाई से मांगी थी रंगदारी

