
रांची : सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
पहली सोमवारी पर इन रास्तों पर रहेगी नो एंट्री
पहाड़ी मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सोमवार को निम्नलिखित मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
गौशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यदि श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा से अधिक बढ़ती है तो आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्जन बनाया जा सकता है या वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सकती है।
इन पार्किंग स्थलों पर खड़ा करें वाहन
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में दो प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां से लोग पैदल या निर्धारित मार्गों के माध्यम से पहाड़ी मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
बिरला मैदान पार्किंग
कटहल मोड़, तिलका चौक, रातू और पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बानो मंजिल रोड स्थित बिरला मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की दिशा से आने वाले वाहन चालक भी इसी पार्किंग स्थल का उपयोग करेंगे।
रांची विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान पार्किंग
मोराबादी, कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली, कांटाटोली और लालपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रांची विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहाड़ी मंदिर के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करने से यातायात प्रभावित हो सकता है और श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
सावन की पहली सोमवारी पर भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से समय से पहले घर से निकलने, अनावश्यक रूप से निजी वाहनों को मंदिर के समीप ले जाने से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि सभी की सहभागिता से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।


