Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दी पोखर में रेलवे स्टेशन के पास स्थित नेवफिंस लिमिटेड फाइनेंस कंपनी में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों की तलाश में कोवाली पुलिस की एक टीम रांची भेजी गई है। फोन के जरिए भी आरोपियों से संपर्क किया जा रहा है।
रांची के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
यहां से 8 लाख 74 हजार 407 रुपए नकद और लैपटॉप पार कर दिया गया है। कंपनी के मैनेजर बिहार के भोजपुर जिला के धनगाय थाना क्षेत्र के दीघा गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के आवेदन पर नामजद एफआईआर दर्ज हुई है। वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया है कि यह चोरी रांची के रातू रोड खादगढ़ा जयप्रकाश नगर के रहने वाले किशन सोनी और रांची के ही चुटिया थाना क्षेत्र के कमरू टोली लोअर के रहने वाले आशीष ठाकुर ने अंजाम दी है।
10 मई से 11 मई के बीच की घटना
पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना 10 मई से लेकर 11 मई के बीच की बताई जा रही है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मंगलवार को पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आरोपियों का फोन नंबर जुगाड़ करने के बाद इन दोनों को थाने बुलाया गया है।

