
Dhanbad : झारखंड स्थित कोयलांचल (धनबाद) के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार को देर रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में गिरोह के दो अपराधी इरफान आलम उर्फ टुन्नू और नाजिर अंसारी को पुलिस की गोली लग गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर इलाके में सघन जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद होने की भी सूचना है।
बड़ी वारदात की फिराक में जुटे थे अपराधी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ सक्रिय सदस्य बरवाअड्डा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान आलम उर्फ टुन्नू और नाजिर अंसारी उर्फ को पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया। फरार अपराधियों की तलाश में आसपास के जंगलों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क को कमजोर करने और उसके सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


