
वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक अहम कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण प्रकोष्ठ ने विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से निपटने के लिए एक विशेष परीक्षा तनाव प्रबंधन क्लीनिक की शुरुआत की है। यह क्लीनिक विद्यार्थियों को मानसिक तनाव कम करने, शैक्षिक सफलता को बढ़ावा देने और तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में मदद करेगी।
परीक्षा तनाव से निपटने का बेहतरीन अवसर
यह क्लीनिक सोमवार से शनिवार तक दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक कार्यरत रहेगी। यह 30 जनवरी 2025 तक चलेगा। यह पहल विद्यार्थियों को एक सुरक्षित और सहायक माहौल प्रदान करेगी, जिसमें वे बिना किसी झिझक के अपनी परीक्षा संबंधी चिंताओं पर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। क्लीनिक में विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया जाएगा, जिसमें ध्यान, समय प्रबंधन और विश्राम गतिविधियां प्रमुख होंगी।
शैक्षिक सफलता के लिए रणनीतियां
क्लीनिक का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल तनाव कम करने की तकनीकें ही नहीं, बल्कि जीवन की अन्य महत्वपूर्ण क्षमताएं भी सिखाना है। यहाँ विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, आत्म-देखभाल, और मानसिक संतुलन बनाए रखने जैसे आवश्यक जीवन कौशल भी सिखाए जाएंगे, ताकि वे भविष्य में आने वाली चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकें।

