Home » Garhwa News: लकड़ी चुनने गई थीं दो बच्चियां, गर्मी से राहत के लिए तालाब में उतरीं, डूबने से मौत

Garhwa News: लकड़ी चुनने गई थीं दो बच्चियां, गर्मी से राहत के लिए तालाब में उतरीं, डूबने से मौत

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : दो मासूम बच्चियां लकड़ी चुनने पहाड़ की ओर निकली थीं। लकड़ियां तो चुन लीं, लेकिन वह लौटकर घर वापस नहीं आ सकीं। भीषण गर्मी की तपिश से राहत के लिए दोनों तालाब में उतरीं। गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला की है। पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हरिजन टोला निवासी राजू राम की आठ वर्षीय बेटी प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीया बेटी रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से लकड़ी चुनने के लिए बहवा पहाड़ की ओर गई थीं। देर शाम तक जब दोनों बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

बुधवार सुबह तालाब से बरामद हुए शव

बुधवार सुबह गांव के कुछ बच्चों ने तालाब के पास दोनों बच्चियों के शव देखे। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब से दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी की वजह से दोनों बच्चियां तालाब में नहाने उतरी थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि इस तालाब में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चियों की मौत डूबने से हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Read Also : Supreme Court Verdict : पति-पत्नी के झगड़े में मूकदर्शक बने रिश्तेदारों पर नहीं चलेगा केस, SC ने दी बड़ी राहत


Related Articles

Leave a Comment