चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा स्थानीय विधायक जगत माझी ने रविवार को सोनुवा प्रखंड के उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय, गोविंदपुर में बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने विद्यालय परिसर में 8 नए कमरों के अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने का किया वादा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि शिक्षा का स्तर तभी सुधरेगा जब शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इस विद्यालय में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिसके कारण कमरों की भारी कमी महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से छात्रों को पर्याप्त जगह मिल सकेगी और पठन-पाठन की प्रक्रिया सुगम होगी। विधायक ने केवल नए कमरों तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी, बल्कि कई अन्य वादे भी किए। उन्होंने विद्यालय परिसर में चारदीवारी का निर्माण और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की घोषणा की।
विधायक ने बताया कि उनका विजन सभी मध्य, उच्च और प्लस-2 विद्यालयों में छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय में इन 8 नए कमरों के शिलान्यास के साथ हम केवल एक भवन का निर्माण नहीं कर रहे हैं, बल्कि हम अपने बच्चों के भविष्य की नींव को और मजबूत कर रहे हैं। शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। कमरे कम थे, बच्चों को बैठने में कठिनाई होती थी, यह समस्या अब जल्द ही बीते कल की बात हो जाएगी।
किया जाएगा चारदीवारी का निर्माण व बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था
विधायक ने प्लस-2 स्तर पर शिक्षकों की वर्तमान कमी को शीघ्र ही दूर करने का आश्वासन दिया। विद्यालय की सुरक्षा के लिए चारदीवारी का निर्माण और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। मनोरहपुर विधानसभा क्षेत्र के हर मध्य, उच्च और प्लस-2 विद्यालय में छात्रावास की सुविधा हो। ताकि कोई भी बच्चा, चाहे वह कितनी भी दूर से क्यों न आता हो, शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाए। दूरी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए।
पारंपरिक नृत्य के साथ किया गया भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय परिवार द्वारा विधायक का पारंपरिक नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी। शिलान्यास के मौके पर जिला परिषद सदस्य सुहागी मुर्मू, गोविंदपुर के मुखिया अमर सामाड, प्रधानाध्यापक संजय कुमार, शिक्षक सपन कुमार महतो, विनय सुरीन, अर्चना पुरती, मरथा केरकेट्टा, राजेंद्र प्रधान, हेमचंद महतो, किशोर दास, दीपक माझी समेत विद्यालय के छात्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

