गुमला : जिले में एक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर निकले थे। बाइक को तेज गति से दौड़ा रहे थे। तभी अनियंत्रित होकर यह पेड़ से टकरा गई। घटना बुधवार देर रात चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई। गुरुवार को जानकारी मिलने पर तीनों के शव बरामद किए गए। तीनों दोस्त डुमरी थाना क्षेत्र के आकाशी उजडा गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे। डढ़गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में उजडा गांव निवासी अक्षय केरकेट्टा 19 वर्ष, आर्यन टोप्पो 18 वर्ष और संजीत केरकेट्टा 18 वर्ष के रूप में हुई है। अक्षय ने 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर प्रथम श्रेणी में पास किया था जबकि आर्यन संत पैट्रिक स्कूल में 11वीं का छात्र था। संजीत ने 10वीं पास करने के बाद दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी।
घटना के कारणों की बारीकी से की जा रही जांच
दुर्घटना की सूचना पाकर चैनपुर थाना के एसआई धर्मपाल संतोष लगून मौके पर पहुंचे। गुरुवार को तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। घटना कैसे घटी इन सभी विषयों पर बारीकी से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। लोगों ने बताया कि वे कथित तौर पर नशे में थे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। घटना की जानकारी गुरुवार को पुलिस एवं परिजनों को मिली।
Read Also: Ranchi News : रांची में कारोबारी लव भाटिया ने जहर खाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

