रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण और समावेशी विकास में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें सरकार के सहयोगी के रूप में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलते समय में डिजिटल व्यवस्था का विस्तार जरूरी है, ताकि बैंकिंग सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं और कई बार उन्हें जोखिम भरे हालात का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी वित्तीय सुरक्षा और बीमा सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि वे निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी स्वास्थ्य आपदाओं ने यह सिखाया है कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों को मजबूत सुरक्षा कवच देना बेहद जरूरी है। सीएम ने ये बातें झारखंड मंत्रालय में वित्त विभाग, झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के अवसर पर कहीं। इस एमओयू के तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सैलरी अकाउंट पैकेज तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मियों के लिए वेतन खाता और एचआरआईएस पैकेज लागू किया जाएगा।
एनएचएम के 15 हजार से अधिक कर्मियों को लाभ
इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। इससे खासकर स्वास्थ्य विभाग और एनएचएम से जुड़े हजारों कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैंक सामाजिक गतिविधियों में कार्य करें-वित्त मंत्री
कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि बैंक को सामाजिक गतिविधियां अधिक से अधिक बढ़ानी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य में उन्हें आगे आकर काम करना होगा। सरकार इसके लिए एक नीति भी ला रही है।वहीं,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और बैंक के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read Also: http://Chaibasa Hindi News : अब 365 दिन होगा शहर वासियों की समस्याओं का समाधान : अध्यक्ष

