RANCHI: शनिवार सुबह झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के 10वीं बोर्ड रिजल्ट को लेकर अचानक अफवाह फैल गई। कई विद्यार्थियों को जानकारी मिली कि jacresult.com पर मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। वेबसाइट पर जाकर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज किया, जिसके बाद कुछ देर के लिए बच्चों के रिजल्ट दिखाने लगा। लोहरदगा जिले के कुडू और कैरो प्रखंड के कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपना रिजल्ट ऑनलाइन डाउनलोड भी कर लिया। इतना ही नहीं कुछ स्कूलों ने अपने टॉपर्स की सूची तक तैयार कर ली।
हालांकि कुछ समय बाद वेबसाइट पर एरर आने लगा और रिजल्ट दिखना बंद हो गया। इसके बाद लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई। शिक्षा विभाग और अधिकारियों से संपर्क करने पर स्पष्ट हुआ कि जैक ने 10वीं का रिजल्ट अभी जारी नहीं किया है। परिषद की ओर से केवल 9वीं का परिणाम जारी किया गया था। हालांकि इसे लोग साइबर क्राइम से भी जोड़कर देख रहे हैं। इस तरह से रिजल्ट दिखना और फिर अचानक गायब हो जाना ये बोर्ड तो नहीं कर सकता। इस मामले में जैक के सचिव जयंत मिश्रा ने कहा कि हमलोगों ने अभी रिजल्ट जारी नहीं किया है। तय समय पर इसे जारी किया जाएगा। जो रिजल्ट जारी होने की सूचना मिली है वह सही नहीं है।


