Jamshedpur : जमशेदपुर के शीतला चौक से प्रमथनगर होते हुए करनडीह चौक तक की जर्जर सड़क का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने जा रहा है। करीब सात साल से बदहाल पड़ी इस सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार नाराजगी थी। सड़क की खराब स्थिति की वजह से रोजाना हजारों लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने इस मामले को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के समक्ष उठाया था। शिकायत में उन्होंने बताया था कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के दौरान जलजमाव के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्रालय ने पथ निर्माण विभाग, जमशेदपुर से रिपोर्ट मांगी। इसके बाद विभाग सक्रिय हुआ और कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय ने जांच प्रतिवेदन मंत्रालय को सौंप दिया।

प्रतिवेदन में बताया गया है कि सड़क निर्माण कार्य के लिए 30 अप्रैल को ही एग्रीमेंट हो चुका है और जल्द ही ठेकेदार निर्माण कार्य शुरू कर देगा।इस पहल के बाद स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और बुद्धिजीवियों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत खराब रहने के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई थी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और सफर अधिक सुरक्षित हो सकेगा।

