
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह (बड़तल्ला) में 21 वर्षीय अजय कुमार यादव ने कथित मानसिक तनाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार शाम की है। अजय गम्हरिया स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, अजय को फंदे से उतारकर तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मामा रिंकू यादव और अन्य परिजनों ने कदमा निवासी एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि युवती लगातार अजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी और कथित रूप से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित तथा ब्लैकमेल कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अजय ने आत्मघाती कदम उठाया।
परिवार का यह भी दावा है कि मृतक के मोबाइल फोन में युवती से हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिससे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
इधर, सोनारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

