Jamshedpur : जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी में गंदगी के चलते ऑक्सीजन की कमी हो गई है। इस वजह से इसमें मछलियां मर रही हैं। इससे शहर के बाबूडीह लाल भट्ठा इलाके में ढेरों मछलियां नदी में मर गई हैं। इससे आसपास के लोगों में काफी दिक्कत हो रही है। कहा जा रहा है कि कई क्विंटल मरी हुई मछलियां नदी किनारे एकत्र हो गई हैं। इनसे उठ रही बदबू के चलते उधर जाना दुश्वार हो रहा है।
इलाके के लोगों का कहना है कि बुधवार को सुबह जब वह बस्ती के किनारे पहुंचे तो देखा कि नदी किनारे मरी हुई मछलियों का अंबार लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि इन दिनों नदी का प्रदूषण स्तर काफी बढ़ गया है। इस वजह से मछलियों की मौत की बात सामने आ रही है। नदी में आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया का दूषित पानी आता है। इसके अलावा, जमशेदपुर की कंपनियों का भी दूषित पानी नदी में गिरता है। इसके चलते भी नदी में आक्सीजन खत्म हो जाती है। यही नहीं, नदी का पानी विषैला भी हो जाता है।
जेएनएसी ने साल 2010 में स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त करने का प्लान बनाया था। इसके तहत, नदी के तट पर पौध रोपण के अलावा यह तय किया गया था कि नदी में गिरने वाले नालों का गंदा पानी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बना कर साफ किया जाएगा और इसके बाद ही नाले नदी में गिरेंगे। इसके लिए हाईकोर्ट ने कई बार आदेश जारी किया। मगर, जेएनएसी के अधिकारियों को इतनी फुर्सत ही नहीं है कि वह प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर कोई प्रभावशाली कदम उठा सकें।

