Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में जल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। बीते तीन महीनों से लगभग 20 हजार लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
1140 घरों में बंद है पानी की आपूर्ति
समिति ने बताया कि कॉलोनी के करीब 1140 घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। बार-बार मोटर खराब हो रही है और लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। पानी के बिना लोगों को दैनिक जीवन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी राशि स्वीकृत, फिर भी संकट कायम
समिति ने जानकारी दी कि झारखंड सरकार द्वारा अदालत के निर्देश पर फिल्टर प्लांट निर्माण के लिए 1.88 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से दो नई मोटरों की खरीद का भी प्रावधान है, लेकिन कार्य में देरी से संकट और बढ़ गया है।
समिति की मांगें : त्वरित मोटर खरीद और प्रशासनिक निगरानी
समिति ने उपायुक्त से मांग की है कि तत्काल एक नई मोटर खरीदी जाए और उसे जली हुई मोटर के स्थान पर लगाया जाए। अगर फिलहाल स्वीकृत फंड से मोटर खरीदना संभव नहीं है, तो जिला विकास कोष या सांसद-विधायक निधि से 2.5–3 लाख रुपये की व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही, फिल्टर प्लांट के निर्माण कार्य की सख्त निगरानी भी जिला प्रशासन द्वारा की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोग
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में दीपक मुंडा, लुजाना देवी, मनोज शर्मा, ममहारेवी, ज्योति राजक, असुराद दौरीपर, सांनी देवी, चांदनी मुंडा, नेहा देवी, पमन देवी, भगवान दास, मंजू देवी, चम्पा देवी सहित अन्य लोग शामिल थे। यह मुद्दा केवल पानी की आपूर्ति तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिक जीवन की मूलभूत आवश्यकता से जुड़ा हुआ है। जिला प्रशासन की ओर से शीघ्र कदम उठाने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read also Jamshedpur Crime : लौहनगरी में महिला अपराधी पर लगेगा सीसीए, जानें कौन है लाली

