रांची : झारखंड राज्य आकलन-प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों के बीच आज 29 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह बैठक शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के स्मार्ट सिटी स्थित आवास पर आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की भी उपस्थिति प्रस्तावित है, जिससे इस वार्ता की अहमियत और बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक को राज्य के करीब 45 हजार सहायक अध्यापकों के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। बीते 18 अप्रैल से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत शिक्षक लगातार सरकार से समाधान की मांग कर रहे हैं। ऐसे में यह बैठक निर्णायक साबित हो सकती है। शिक्षकों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर सरकार सकारात्मक पहल करेगी और ठोस निर्णय सामने आएगा।
बताया जा रहा है कि बैठक में नियुक्ति प्रक्रिया, सेवा शर्तों, वेतनमान, पदस्थापन और अन्य लंबित प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा शिक्षकों की पेशेवर स्थिरता और भविष्य की सुरक्षा से जुड़े विषय भी प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे।
mये हैं प्रमुख मांगेंं
आकलन परीक्षा का प्रमाणपत्र जारी कर उसे TET के समकक्ष मान्यता दी जाए, ताकि शिक्षकों की योग्यता को औपचारिक रूप से स्वीकार किया जा सके।
आगामी सहायक आचार्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए, जिससे उन्हें उच्च पदों पर जाने का मौका मिल सके।
समान कार्य के लिए समान वेतनमान लागू किया जाए, ताकि संविदा और नियमित शिक्षकों के बीच वेतन असमानता खत्म हो।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप संविदा कर्मियों के लिए उचित वेतनमान तय किया जाए और इसका लाभ सहायक अध्यापकों को भी मिले।

