
Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई कमेटी का गठन इसी सप्ताह कभी भी किया जा सकता है और इसकी आधिकारिक घोषणा एक-दो दिनों में होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि कमेटी विस्तार को लेकर पार्टी ने व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया है। इसमें सभी विधायकों, मंत्रियों और सांसदों से परामर्श लिया गया है। साथ ही वरिष्ठ नेताओं के सुझावों को भी गंभीरता से शामिल किया गया है। पूरी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और अब सिर्फ अधिसूचना जारी होना बाकी है।
कार्यकारी अध्यक्ष का पद होगा समाप्त
नई कमेटी में बड़ा बदलाव करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष के पद को खत्म करने की तैयारी है। इसके स्थान पर संगठन को मजबूत करने के लिए हर लोकसभा क्षेत्र में एक-एक उपाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
इसके अलावा, राज्य के सभी 24 जिला कांग्रेस कमेटियों और एक महानगर कमेटी में महासचिव का पद सृजित किया जाएगा। साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र से एक सचिव का चयन किया जाएगा। इस तरह नई कमेटी में करीब 125 नए पदाधिकारी शामिल किए जाएंगे, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 16 अगस्त 2024 को केशव महतो कमलेश के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी अब तक नई कमेटी का गठन नहीं हो पाया था। वहीं, प्रदेश प्रभारी के. राजू ने जिला कांग्रेस कमेटियों के पुनर्गठन और मजबूती पर जोर दिया है।
Read Also: Chaibasa News: अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

